
कहानी
खैर, चार्ली अपने मामा के ट्रक से टोटो को दीव ले जाने को तैयार हो जाता है। लेकिन उसे यह नहीं पता कि टोटो एक असली गोरिल्ला नहीं, बल्कि कॉस्ट्यूम पहना मकवाना है। मुंबई से दीव के रास्ते में चार्ली और टोटो की अच्छी दोस्ती हो जाती है। दोनों साथ नाचते हैं, गाते हैं। दोनों के सामने कई तरह की मुसीबतें भी आती हैं, लेकिन चार्ली टोटो का साथ नहीं छोड़ता है।

कहानी
वहीं, दूसरी तरफ एक गोरिल्ला को युगाण्डा से जूनागढ़ के जू में लाया जा रहा होता है, जब प्लेन क्रैश हो जाता है और गोरिल्ला कहीं जंगल में भाग जाता है। अब इस असली गोरिल्ला की खोज में निकलते हैं वन विभाग के अधिकारी राम सिंह (राजपाल यादव)। क्या होगा जब होगा असली गोरिल्ला और टोटो उर्फ नकली गोरिल्ला का सामना? क्या देश छोड़कर भाग पाएगा एमडी मकवाना? और इस हेरा फेरी के बीच क्या चार्ली जमा कर पाएगा अपने लोन के 15 लाख रूपए? इसी के इर्द गिर्द घूमती है फिल्म की कहानी।

निर्देशन
पंकज सारस्वत सालों से कॉमेडी शोज और फिल्मों की पटकथा लिखते आ रहे हैं। लिहाजा, इन पक्ष में उनकी पकड़ देखी जा सकती है। फिल्म शुरु से अंत तक एक लय में दिखती है। वह सीधी सपाट हल्के फुल्के झटकों के साथ आगे बढ़ती जाती है। हालांकि क्लाईमैक्स के कुछ दृश्य प्रियदर्शन के फिल्मों की बहुत याद दिलाते हैं, जिसे आप नजरअंदाज़ नहीं कर सकते।

तकनीकि पक्ष
बहरहाल, खास बात है कि फिल्म में जितने किरदार हैं, सभी के हिस्से में कुछ अहम सीन आए हैं। अभिषेक खैरकर द्वारा लिखित डायलॉग्स में पंच की कमी थी। लेकिन चंदन अरोड़ा और मितेश सीन द्वारा की गई एडिटिंग इसे दिलचस्प बनाती है। फिल्म को दो घंटे के अंदर समेटना एक सही कदम रहा है। Andre Menezes की सिनेमेटोग्राफी फिल्म को और मजबूत बना सकती थी।

अभिनय
अभिनय की बात करें तो चार्ली के किरदार में जिस मासूमियत की जरूरत थी, वह आदर जैन में दिखती है। टोटो के साथ उनकी दोस्ती अच्छी लगती है। लेकिन उन्हें अभी हाव भाव पर काफी काम करने की जरूरत है। श्लोका पंडित और एलनाज नौरोजी अपने अपने किरदारों में जंचे हैं। लेकिन जिस किरदार ने सबसे ज्यादा ध्यान आर्कषित किया है, वह हैं जैकी श्रॉफ। एक रंगीनमिज़ाज बिजनेसमैन हो या गोरिल्ला.. उन्होंने अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया है, उनका स्वैग किरदार के लिए फिट दिखा। राजपाल यादव को लंबे समय के बाद स्क्रीन पर देखना अच्छा रहा।

अमेज़न प्राइम वीडियो पर उपलब्ध
हेलो चार्ली अमेज़न प्राइम वीडियो पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो चुकी है। कोई दो राय नहीं कि हल्की फुल्की कॉमेडी लिए यह फिल्म बच्चों को पसंद आने वाली है। फिल्मीबीट की ओर से फिल्म को 2.5 स्टार।